सहारनपुर: गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज की जयंती पर यूपी के सहारनपुर में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस मौके पर अखिल भारतीय वीर गुर्जर महासभा (ABVGM) की अगुवाई में गुर्जर समाज के लोगों ने मिहिर भोज को याद किया और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। अखिल भारतीय वीर गुर्जर महासभा के यूपी प्रदेश अध्यक्ष राहुल गुर्जर की अगुवाई में गुर्जर समाज के लोगों ने सम्राट मिहिर भोज की जयंती के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया। (रिपोर्ट: श्याम सिंह राठी)

राहुल गुर्जर ने कहा कि सम्राट मिहिर भोज की जयंती गुर्जर समाज के आत्मगौरव का उत्सव है। ये वो प्रतापी राजा थे जिन्होंने गुर्जर प्रतिहार वंश को भारत की सबसे प्रभावशाली शक्तियों में से एक बना दिया।

राहुल गुर्जर ने कहा कि सम्राट मिहिर भोज की जयंती गुर्जर समाज के लिए सिर्फ उत्सव नहीं है, यह हमारी पहचान, हमारे इतिहास और हमारे स्वाभिमान का प्रतीक है। ये दिन हमें याद दिलाता है कि हमारे पूर्वजों ने कैसा गौरवशाली इतिहास रचा था।

लोनी से विधायक नंद किशोर गुर्जर ने भी सम्राट मिहिर भोज की जयंती पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म रक्षक, आदिवराह चक्रवर्ती, अखंड भारत के महान शासक क्षत्रिय गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज जी की जयंती पर कोटि कोटि नमन। अंतरराष्ट्रीय गुर्जर दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं।
उधर सम्राट मिहिर भोज की जयंती पर सपा विधायक अतुल प्रधान ने बधाई दी है। अतुल प्रधान ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा आप सभी को गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं !
