विधानसभा के विशेष सत्र में बोलते सीएम धामी
देहारदून: उत्तराखंड विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में शपथ लेने के साथ ही नारी सशक्तिकरण को शासन की प्राथमिकता में रखकर कार्य करना प्रारम्भ कर दिया था। यही कारण है कि पिछले 11 वर्षों में जेंडर बजट में पांच गुना से अधिक की वृद्धि हुई है। वर्ष 2026-27 के बजट में महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण हेतु 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 12 प्रतिशत अधिक है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि देश की मातृशक्ति भली-भांति जान चुकी है कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल केवल महिलाओं का विरोध, उनका अपमान और उनके अधिकारों को बाधित करने की राजनीति ही करते आए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कुछ लोग उत्तराखण्ड में भी महिला आरक्षण पर झूठ और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि परिसीमन के बाद उत्तराखण्ड विधानसभा में कुल सीटों की संख्या 105 हो सकती थी, जिसमें से 35 महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती थी। इसी तरह सांसदों कि संख्या भी 5 से बढ़कर 7 या 8 हो जाती, इससे हर किसी का फायदा ही था, फिर भी विपक्ष ने बिल पास नहीं होने दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार भी महिला सशक्तिकरण के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। इस वर्ष जेंडर बजट के अंतर्गत लगभग 20 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 16 प्रतिशत अधिक है। सीएम धामी ने आरोप लगाया कि विपक्ष का महिला विरोधी चरित्र देश के सामने पूरी तरह उजागर हो चुका है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आरोप लगाया कि राजनीतिक स्वार्थ में कांग्रेस इतनी गिर चुकी है कि अब वह सनातन धर्म की आस्था के प्रतीक पवित्र चारधाम यात्रा का भी विरोध करने से नहीं चूक रही है।
