देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में भाजपा गढ़वाल संभाग के जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती, आगामी कार्ययोजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने तथा मिशन-2027 की तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे लगातार जनता के बीच रहकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों को हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन-2027 को ध्यान में रखते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ जनसेवा में जुटने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने का भी आग्रह किया।
