देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित तीलू रौतेली एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 13 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार तथा 35 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने तीलू रौतेली पुरस्कार की सम्मान राशि बढ़ाकर 75 हजार रुपये और आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार की राशि 61 हजार रुपये करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि तीलू रौतेली उत्तराखंड की वीरांगनाओं की अमर प्रतीक हैं। उनका साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति आज भी प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
तीलू रौतेली पुरस्कार की राशि अब ₹75 हजार
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 में तीलू रौतेली पुरस्कार की सम्मान राशि 31 हजार रुपये से बढ़ाकर 51 हजार रुपये की गई थी। अब इसे बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा। इसी प्रकार आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार की सम्मान राशि 51 हजार रुपये से बढ़ाकर 61 हजार रुपये करने का भी निर्णय लिया गया है।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उत्तराखंड सरकार भी महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, महिला स्वयं सहायता समूहों को ब्याज मुक्त ऋण, मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना तथा उद्यमिता विकास कार्यक्रम जैसी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने वाला देश का पहला राज्य है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
