मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयुर्वेद दिवस के अवसर पर भगवान धन्वन्तरि की पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के आरोग्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और विभिन्न रोगों से बचाव में आयुर्वेद की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि आयुर्वेद केवल उपचार की पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की एक समग्र परंपरा भी है। भारत की प्राचीन चिकित्सा ज्ञान परंपरा में स्वास्थ्य संरक्षण और रोगों से बचाव पर विशेष जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आयुर्वेद और भारत की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल रही है। भारतीय चिकित्सा पद्धतियों और आयुर्वेद के प्रति दुनिया में रुचि बढ़ रही है।
