मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने भारतीय प्रबन्धन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर के देहरादून कैंपस का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने देहरादून में आईआईएम काशीपुर का कैंपस स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून में आईआईएम काशीपुर का कैंपस खुलने से उत्तराखण्ड के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मैनेजमेंट के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि कैंपस के शुरू होने से विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में मैनेजमेंट से जुड़े विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययन करने की सुविधा मिलेगी। इससे उच्च शिक्षा के लिए अन्य क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता भी कम होगी और युवाओं को अपने प्रदेश में ही बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखण्ड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धता से युवाओं को अपनी क्षमताओं को विकसित करने और नए अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि देहरादून में आईआईएम काशीपुर जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की मौजूदगी से प्रदेश के शैक्षणिक वातावरण को भी मजबूती मिलेगी और मैनेजमेंट शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर विकसित होंगे।
