टनकपुर में शारदा नदी के बाढ़ सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण, बुलडोजर पर चढ़कर लोगों ने सीएम धामी पर बरसाए फूल
टनकपुर (चंपावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत जिले के टनकपुर में शारदा नदी पर संचालित बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों और युवाओं ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान बुलडोजर पर चढ़कर लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर फूल बरसाए, जिसका वीडियो और तस्वीरें भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
बाढ़ सुरक्षा कार्यों की गुणवत्ता पर दिया जोर
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बाढ़ सुरक्षा और निर्माण कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप होने चाहिए।
क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य शारदा नदी से लगने वाले क्षेत्रों को बाढ़ के खतरे से सुरक्षित बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे स्थायी उपाय किए जाएं, जिससे भविष्य में बाढ़ से होने वाले संभावित नुकसान को प्रभावी ढंग से रोका जा सके और स्थानीय लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
जनता का जताया आभार
मुख्यमंत्री धामी ने निरीक्षण के दौरान मिले स्नेह और स्वागत के लिए स्थानीय युवाओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही उन्हें प्रदेश के विकास और जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
