
राजभवन नैनीताल में महिला स्वयं सहायता समूहों की तरफ से प्रदर्शनी लगाई गई। उत्तराखंड के राज्यपाल ले.ज.गुरमीत सिंह (रि) ने महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान राज्यपाल ने महिलाओं के द्वारा निर्मित उत्पादों के बारे में जानकारी ली। राज्यपाल ने कहा कि हमारे राज्य की महिलाएं पारंपरिक उत्पादों को नवाचार के साथ प्रस्तुत कर स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय भूमिका निभा रही हैं।
इस मौके पर राज्यपाल ले.ज.गुरमीत सिंह (रि) ने कहा कि उत्तराखण्ड की मातृशक्ति न केवल प्रतिभावान है, बल्कि आत्मनिर्भरता, दृढ़ संकल्प और सामाजिक बदलाव की सशक्त मिसाल भी है। पर्वतीय परिस्थितियों में रहते हुए भी यहाँ की महिलाओं ने कठिन परिस्थितियों को अवसर में बदलते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरणादायक कार्य किए हैं।