
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जनपद के पुरोला विधानसभा क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु अभियान के जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लगभग ₹217 करोड़ की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 30 विकास कार्यों का शिलान्यास और आठ कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का भी शुभारंभ किया और क्षेत्र में शिक्षा, सड़क संपर्क तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने और बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग का निर्माण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही राजकीय महाविद्यालय बड़कोट एवं चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल एवं सड़क निर्माण के पूर्व में घोषित कार्य को भी शीघ्र पूरा कराने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने जनसेवा शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं उपकरण वितरित किए। उन्होंने अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और आमजन को मिल रहे लाभों की जानकारी भी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार बर्नीगाड़ पहुंचकर उन्हें प्रसन्नता हो रही है और बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति, युवाओं तथा क्षेत्रवासियों के स्नेह के लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान इसी संकल्प को साकार करने की पहल है, जिसके माध्यम से सरकार जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों से क्षेत्र में सड़क संपर्क और अन्य बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी, पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। राजकीय महाविद्यालय के शुभारंभ से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है और स्थायी भवन एवं परिसर के निर्माण की दिशा में शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
