
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित विदाई समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) को उनके सफल कार्यकाल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास, जनकल्याण, शिक्षा, युवा प्रोत्साहन और पूर्व सैनिकों के कल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में राज्यपाल के योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी रहा। उनके अनुभव, अनुशासन, दूरदर्शी सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण ने प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों को नई दिशा देने में योगदान दिया। उन्होंने शिक्षा और उच्च शिक्षा में गुणवत्ता, शोध, कौशल विकास तथा युवाओं के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित किया। राज्यपाल ने युवाओं को नवाचार, उद्यमिता, राष्ट्रसेवा और जीवन में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता और समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों में भी उनकी विशेष रुचि रही।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की सैन्य परंपरा और वीर सैनिकों के प्रति राज्यपाल के सम्मान का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के प्रति उनकी संवेदनशीलता सराहनीय रही है। राज्यपाल ने अपने कार्यकाल में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर यहां की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास संबंधी आवश्यकताओं को समझने का प्रयास किया। उन्होंने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रदेश सरकार, प्रशासन, शैक्षणिक संस्थानों और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समन्वय को बढ़ावा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल का सरल व्यवहार, सौम्य व्यक्तित्व और उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव सदैव स्मरणीय रहेगा। विदाई समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
