दिल्ली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश की कृषि एवं उससे जुड़ी विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और विस्तार को लेकर चर्चा हुई।
सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश की कृषि संबंधी योजनाओं के लिए लगभग ₹ 3800 करोड़ की सैद्धांतिक सहमति प्रदान की गई है। इसके लिए सीएम धामी ने के शिवराज सिंह चौहान और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह सहयोग राज्य के कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। इस दौरान जंगली जानवरों से कृषि उपज की सुरक्षा, फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना के माध्यम से कृषि यंत्रीकरण को प्रोत्साहन, स्टेट मिलेट मिशन के प्रभावी संचालन तथा बीज आपूर्ति प्रणाली को सशक्त बनाने पर सहयोग का आग्रह किया।
इसके साथ ही सेब उत्पादन के दृष्टिगत उच्च गुणवत्ता की नर्सरी, कोल्ड स्टोरेज, सॉर्टिंग और ग्रेडिंग यूनिट की स्थापना, कीवी और ड्रैगन फ्रूट मिशन को बढ़ावा, सुपर फूड्स (मशरूम और एग्जॉटिक वेजिटेबल्स) हेतु सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना तथा पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय में एग्रो टूरिज्म स्कूल की स्थापना के लिए भी केंद्रीय सहायता का अनुरोध किया।
