चमोली जिले के हेलंग में अलकनंदा नदी के किनारे बन रही विष्णु गाड़ पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की साइट पर भारी मात्रा में मलबा आ गिरा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में पूरी पहाड़ी ही नीचे गिरती दिख रही है। एक साथ ढेर सारा मलबा नीचे आ गिरता है, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच जाती है।
हादसे के समय निर्माणाधीन क्षेत्र में लगभग 200 मजदूर काम कर रहे थे। डायवर्जन का निर्माण कार्य जारी था। इस दौरान पहाड़ों से पत्थरों की बरसात होने लगी। बताया जा रहा है कि इस हादसे में 12 लोग घायल है जिनमें चार लोग गंभीर घायल होने की सूचना है।
जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने कहा कि घटना की सूचना के बाद मौके पर रेस्क्यू टीम भेजी गई है। पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने बताया कि घायलों को चिकित्सालय ले जाया गया है।
चमोली से ज्योतिर्मठ के बीच अलकनंदा नदी पर टीएचडीसी की 444 मेघावाट की जल विद्युत परियोजना निर्माणाधीन है। यह परियोजना एससीसी कंपनी बना रही है। बताया जा रहा कि हेलंग स्थिति परियोजना के डाइवर्जन का कार्य इन दिनों तेजी से चल रहा है। सुबह लगभग 10 बजकर 45 बजे परियोजना के डाइवर्जन डेम साइड और व इनटेक टनल के ठीक उपर से पहाड़ी से भूस्खलन हुआ।
भूस्खलन के दौरान डाइवर्जन साइड और इनटेक टनलों में 100 से अधिक मजदूर अधिकारी कार्य कर रहे थे। भूस्खलन की भनक लगते है कर्मचारियों ने कार्य कर रहे लोगों को सर्तक किया इस दौरान लोगों ने भाग कर जान बचाई ।
