केदारनाथ धाम की यात्रा फिर से शुरू हो गई है। कई दिनों तक यात्रा बाधित रहने के बाद आखिरकार फिर से यात्रा शुरू करने की हरी झंडी मिल गई है। हालांकि अभी केदारनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को पहले से ज्यादा पैदल चलना पड़ रहा है। तीर्थ यात्रियों को सोनप्रयाग से गौरीकुंड होते हुए केदारनाथ भेजा रहा है। सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच सड़क मार्ग बाधित होने की वजह से पिछले कुछ दिनों से केदारनाथ यात्रा रुकी हुई थी। सिर्फ केदारनाथ से वापस आ रहे तीर्थ यात्रियों को ही सुरक्षाबलों की मदद से वैकल्पिक मार्ग से वापस लाया जा रहा था।

बुधवार हुई भारी बारिश की वजह से सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच मुनकटिया में सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे केदारनाथ हाइवे पूरी तरह से बंद हो गया था। इसके बाद प्रशासन ने केदारनाथ धाम की यात्रा को रोक दिया था।
मुनकटिया के पास भूस्खलन से केदारनाथ हाइवे पर करीब 50 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस वजह से वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी थी। जिस कारण केदारनाथ से आने वाले श्रद्धालु गौरीकुंड में ही फंस गए थे।
