लक्सर: गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज की जयंती पर लक्सर में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान अखिल भारतीय वीर गुर्जर महासभा (ABVGM) की अगुवाई में गुर्जर समाज के लोगों ने मिहिर भोज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। अखिल भारतीय वीर गुर्जर महासभा के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष अनूप गुर्जर की अगुवाई में गुर्जर समाज के लोगों ने सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा पर जाकर उन्हें याद किया। (रिपोर्टः श्याम सिंह राठी)
मिहिर भोज की इस प्रतिमा को उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के समय में यहां लगाया गया था। सम्राट मिहिर भोज की ये मूर्ति आज भी युवाओं में जोश भर रही है। युवाओं को इनसे प्रेरणा मिल रही है।
अनूप गुर्जर ने कहा कि सम्राट मिहिर भोज की जयंती गुर्जर समाज के लिए बहुत बड़ा दिन है। अनूप गुर्जर ने कहा कि जब बात भारत के गौरवशाली इतिहास की होती है तो सम्राट मिहिर भोज का नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाता है। लेकिन आज सिर्फ इतिहास नहीं बल्कि एक जीवित परंपरा, एक स्वाभिमान और पहचान की भावना के रूप में मिहिर भोज को याद किया जा रहा है ताकी गुर्जर समाज की युवा पीढ़ी अपने कुल के महान सम्राट को याद करती रहे।
उधर सम्राट मिहिर भोज की जयंती पर सपा विधायक अतुल प्रधान ने बधाई दी है। अतुल प्रधान ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा आप सभी को गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं !
तो वहीं लोनी से विधायक नंद किशोर गुर्जर ने भी सम्राट मिहिर भोज की जयंती पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म रक्षक, आदिवराह चक्रवर्ती, अखंड भारत के महान शासक क्षत्रिय गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज जी की जयंती पर कोटि कोटि नमन। अंतरराष्ट्रीय गुर्जर दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं।
