दिल्ली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उत्तराखण्ड में हवाई सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और राज्य के स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
सीएम धामी की केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन से मुलाकात की बड़ी बातें
इस मौके पर सीएम धामी ने हाउस ऑफ़ हिमालयाज के अंतर्गत प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को देश-विदेश में नई पहचान दिलाने के लिए प्रदेश के हवाई अड्डे पर kiosk स्थापित करने के निर्णय के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार जताया।
इसके साथ ही इस मुलाकात के दौरान मानसून के बाद चारधाम यात्रा पर हेली सेवाओं के सुचारू संचालन पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा पर हेली सेवाएं वृद्ध, असमर्थ और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए काफी उपयोगी और महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री धामी ने इस मौके पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से देहरादून एयरपोर्ट के 24 घंटे संचालन के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया। इसके साथ ही गौचर (चमोली), चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) हवाई पट्टियों के विकास और नई एयर कनेक्टिविटी (दिल्ली–पिथौरागढ़ सीधी हवाई सेवा) पर भी चर्चा हुई।
