देहरादून: उत्तराखंड दौरे के दौरान पीएम मोदी ने देहरादून में उत्तराखंड में बाढ़ और लैंडस्लाइड से प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनका हाल जाना। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि हम उनके साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और उनकी हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस मौके पर सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देहरादून में आपदा प्रभावित परिवारों से भेंट कर उनकी पीड़ा और परिस्थितियों को निकट से जाना। प्रभावित जनों से संवाद के दौरान उन्होंने विश्वास दिलाया कि आपदा की इस घड़ी में केंद्र और राज्य सरकार पूरी शक्ति व संसाधनों के साथ हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है।
उधर पीएम मोदी ने उत्तराखंड में बाढ़ की स्थिति को लेकर एक समीक्षा बैठक की। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि राज्य में बाढ़ से हुए नुकसान को देखकर बहुत पीड़ा हुई है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावित लोगों की सहायता के लिए हम राहत और पुनर्वास सहित हर जरूरी इंतजाम तेजी से सुनिश्चित करने में जुटे हैं।
