CM Pushakar Singh Dhami on Igas Festival.
देहरादून: उत्तराखंड का लोकपर्व इगास राजधानी देहरादून समेत प्रदेशभर में तमाम जगह पर धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री आवास पर इगास को लेकर कार्यक्रम रखा गया। जिसमें विधायक, मंत्री, प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। खास मेहमान के रूप में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (रि) मौजूद रहे। मुख्यमंत्री आवास पर इगास पर्व बड़े हर्षोल्लास, पारंपरिक आस्था और सांस्कृतिक गौरव के साथ भव्य रूप से मनाया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं भी कलाकारों के बीच उपस्थित होकर उनकी प्रस्तुति का आनंद लिया और उन्हें प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि “हमारी लोक संस्कृति और परंपराएं हमारी सबसे बड़ी धरोहर हैं, उन्हें बचाना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाना हमारा सामूहिक दायित्व है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कलाकारों के साथ खेल भेलों
इगास पर मुख्यमंत्री धामी ने लोक मान्यताओं के अनुसार परंपरागत रूप से “भेलों” भी खेला। इस दौरान पूरा वातावरण पर्वतीय संस्कृति की खुशियों, लोकगीतों और लोक-नृत्य से भर गया।
CM Dhami ने प्रदेशवासियों को दी इगास की बधाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि इगास लोक पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि हमारी सामूहिकता, प्रकृति के प्रति आभार और सांस्कृतिक गर्व का प्रतीक है। उन्होंने लोकगीत, ढोल-दमाऊ की थाप और पारंपरिक मांडणे का उल्लेख करते हुए कहा कि जब घर-आंगन में लोक संस्कृति प्रफुल्लित होती है, तो ऐसा लगता है जैसे स्वयं देवभूमि मुस्कुरा रही हो।
