देहरादून में समरसता संकल्प अभियान की कार्यशाला, मुख्यमंत्री धामी बोले- सामाजिक एकता को मिलेगी नई ऊर्जा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित प्रदेश कार्यशाला में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सामाजिक समरसता, एकता और सद्भाव को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 29 जुलाई से 20 फरवरी तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रदेशभर में कार्यशालाएं, संत-महात्माओं से संपर्क, संत सम्मेलन, समरसता कार्यक्रम तथा विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सदैव समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को जन-जन तक पहुंचाते हुए यह अभियान सामाजिक एकता और सद्भाव को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, कैबिनेट मंत्री खजान दास, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. स्वराज विद्वान, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
