उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क, रुद्रपुर में आयोजित भव्य ऊधमसिंह नगर कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ₹295.21 करोड़ की लागत से कुल 61 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया, जो जिले के विकास को नई दिशा देंगे।
मुख्यमंत्री ने ₹123.91 करोड़ की लागत से 26 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें चिकित्सा विभाग का ₹20.35 करोड़ का 1 कार्य, लोक निर्माण विभाग के ₹9.01 करोड़ के 5 कार्य, नगर निगम रुद्रपुर के ₹38.60 करोड़ के 9 कार्य, पशुपालन विभाग का ₹4.74 करोड़ का 1 कार्य, संस्कृति विभाग का ₹95 लाख का 1 कार्य, सिंचाई विभाग के ₹26.52 करोड़ के 2 कार्य, खेल विभाग के ₹19.02 करोड़ के 4 कार्य, शिक्षा विभाग का ₹3.18 करोड़ का 1 कार्य, नगर पंचायत सुल्तानपुर पट्टी का ₹96 लाख का 1 कार्य और नगर पालिका परिषद बाजपुर का ₹58 लाख का 1 कार्य शामिल है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ₹171.30 करोड़ की लागत से 35 विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। इनमें लोक निर्माण विभाग के ₹93.92 करोड़ के 5 कार्य, नगर निगम रुद्रपुर के ₹59.53 करोड़ के 19 कार्य, पशुपालन विभाग का ₹3.47 करोड़ का 1 कार्य, शिक्षा विभाग के ₹7.41 करोड़ के 2 कार्य और ग्रामीण निर्माण विभाग के ₹6.97 करोड़ के 8 कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें मानसखंड कॉरिडोर के अंतर्गत गोल्ज्यू मंदिर, शिव मंदिर और नीलकंठ धाम को जोड़ते हुए शिव प्रतिमा की स्थापना, नगर निगम रुद्रपुर के पर्यावरण मित्रों के लिए खेड़ा में आवास निर्माण, भूरारानी और गंगापुर रोड का चौड़ीकरण, अटरिया चौक से इंद्रा कॉलोनी तक सड़क निर्माण और गुरु चांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष को ₹2 करोड़ से बढ़ाकर ₹10 करोड़ करना शामिल है।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने त्रिशूल चौक का लोकार्पण किया और कांवड़ियों के पैर पखारकर उन्हें अंगवस्त्र और पुष्प माला भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद त्रिशूल चौक से गांधी पार्क तक आयोजित शिव बारात में भी उन्होंने भाग लिया। शिव बारात के दौरान विभिन्न संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री का पुष्पवर्षा और फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ₹288 करोड़ से अधिक की लागत से 61 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास रुद्रपुर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं शहर को विकास, विश्वास और भविष्य की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार द्वारा शहरों से लेकर दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग ₹590 करोड़ की लागत से रुद्रपुर बाईपास का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा रुद्रपुर को खटीमा-टनकपुर और गदरपुर-जसपुर से जोड़ने वाली फोर लेन सड़कों का निर्माण भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लगभग ₹55 करोड़ की लागत से मानूनगर-गदरपुर से दिनेशपुर-मटकोटा होते हुए हल्द्वानी को जोड़ने वाले मोटर मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। रुद्रपुर रेलवे स्टेशन का नवीनीकरण, नई सिग्नल लाइनें और दो रेल ओवरब्रिज का निर्माण भी किया जा रहा है।
जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए मास्टर ड्रेनेज प्लान को मंजूरी दी गई है और महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट्स का निर्माण किया जा रहा है। रुद्रपुर में ₹15 करोड़ की लागत से राज्य का पहला कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट और ₹17 करोड़ की लागत से आधुनिक कूड़ा प्रबंधन प्लांट भी स्थापित किया जा रहा है।
इसके अलावा किच्छा में ₹351 करोड़ की लागत से 100 एकड़ भूमि पर एम्स ऋषिकेश का सैटेलाइट सेंटर बनाया जा रहा है और पंतनगर हवाईअड्डे को अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य जारी है
