पुष्कर सिंह धामी कैबिनेट में 5 नए मंत्रियों की एंट्री
उत्तराखंड में सीएम पुष्कर सिंह धामी कैबिनेट का विस्तार हुआ है। मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल में अब नए 5 चेहरों को जगह मिली है। मदन कौशिक, खजान दास, राम सिंह कैडा, प्रदीप बत्रा और भरत चौधरी ने मंत्री पद की शपथ ली।
खजान दास देहरादून के राजपुर रोड से विधायक हैं। वह पहले भी मंत्री पद संभाल चुके हैं। जबकि मदन कौशिक भी बीजेपी सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वे हरिद्वार शहर से विधायक हैं। पांच नए मंत्रियों के आने से धामी कैबिनेट अब फुल हो गया है।
रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा और भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा को भी मंत्री बनाया गया है। तीनों पहली बार मंत्री बने हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार में गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों के बीच संतुलन रखा गया है। इसके साथ ही मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है।
2027 के चुनाव को देखते हुए धामी कैबिनेट के अहम चेहरे
धामी कैबिनेट विस्तार को उत्तराखंड चुनाव 2027 को लेकर अहम माना जा रहा है। अगले साल फरवरी-मार्च में विधानसभा चुनाव होंगे। ऐसे में तमाम नए मंत्रियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका अगले 10 माह मिलेगा। वे अपने कार्यों से धामी सरकार की छवि को जनता के बीच और प्रभावी तरीके से स्थापित कर सकेंगे। साथ ही, इस विस्तार ने साफ किया है कि अगले साल होने वाले चुनाव में सीएम धामी ही प्रदेश में भाजपा का चेहरा होंगे।
सीएम धामी ने जताई उम्मीद
सीएम धामी ने कैबिनेट विस्तार के बाद नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हमारी डबल इंजन सरकार उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। निश्चित तौर पर उत्तराखंड के सर्वांगीण, समावेशी एवं सर्वस्पर्शी विकास यात्रा में नवनियुक्त मंत्रीगणों का योगदान महत्वपूर्ण होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि वर्ष 2027 में प्रदेश की राष्ट्रवादी और जागरूक जनता फिर से भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत के साथ अपना आशीर्वाद प्रदान करेगी। साथ ही, राज्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाएगी।
