देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजधानी देहरादून में आयोजित बुक फेस्टिवल में विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने स्टॉल्स पर मौजूद लोगों से पुस्तकों के बारे में जानकारी ली और छात्रों को पुस्तकें भेंट कर उन्हें अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर सभी से आग्रह किया कि किसी भी समारोह में बुके और अन्य उपहारों के स्थान पर पुस्तकें एवं पौधे भेंट करने की परंपरा अपनाई जाए, जिससे ज्ञान और पर्यावरण दोनों का संवर्धन हो सके।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरा सदैव से ज्ञान, साहित्य और रचनात्मकता की भूमि रही है। गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी जैसी समृद्ध क्षेत्रीय भाषाएं, यहां के लोकगीत, लोककथाएं और लोककला इस प्रदेश के साहित्यिक वैभव की पहचान हैं।

सीएम धामी ने आगे कहा कि उत्तराखंड ने अनेक महान साहित्यकारों को जन्म दिया है, जिन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से न केवल क्षेत्रीय भाषाओं को समृद्ध किया बल्कि भारतीय साहित्य को भी नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं।
