चंपावत के बूमघाट में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ₹65.95 करोड़ की बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास किया।
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चंपावत के बूमघाट में ₹65.95 करोड़ की लागत वाली दो महत्वपूर्ण बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹60.21 करोड़ की लागत से बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के तट पर बाढ़ सुरक्षा तटबंध निर्माण तथा ₹5.74 करोड़ की लागत से पूर्णागिरि तहसील के ग्राम छीनीगोठ में हुड्डी नदी पर बाढ़ सुरक्षात्मक दीवार निर्माण कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने शारदा नदी पर चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
शारदा तटबंध भविष्य की सुरक्षा की मजबूत आधारशिला
मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा तटबंध केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और क्षेत्र के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि मां शारदा नदी लाखों परिवारों की आजीविका का आधार है और जहां जल होता है, वहीं जीवन होता है।
शारदा कॉरिडोर से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगभग ₹3300 करोड़ की लागत से विकसित हो रही शारदा कॉरिडोर परियोजना के माध्यम से चंपावत को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। इस परियोजना के तहत टनकपुर से बनबसा तक शारदा रिवर फ्रंट सहित कई धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का विकास किया जाएगा।
महिला स्वयं सहायता समूह के साथ बनाई रोटी और चटनी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सेवा पखवाड़े के तहत लगाए गए विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। महिला स्वयं सहायता समूह के स्टॉल पर उन्होंने स्थानीय महिलाओं के साथ पारंपरिक तरीके से रोटी और चटनी बनाई। मुख्यमंत्री के इस सहज व्यवहार से महिलाओं और स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
विभागीय योजनाओं का लिया फीडबैक
मुख्यमंत्री ने कृषि, उद्यान, पशुपालन, डेयरी, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण तथा एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। स्वास्थ्य शिविर में उन्होंने निक्षय योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को पोषण किट भी वितरित की।
खेल, शिक्षा और पर्यटन पर भी बड़ा फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियों के लिए ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और ₹58.52 करोड़ की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं के विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर भी सरकार काम कर रही है।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के अनुरूप मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मां पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां वाराही धाम सहित अनेक धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है।
टनकपुर में बनेंगे आधुनिक आईएसबीटी और मीडिया सेंटर
मुख्यमंत्री ने बताया कि टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी तथा ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक और पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र पर भी तेजी से कार्य चल रहा है।
