मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर नियमित संचालन की शुरुआत की। यह ट्रेन फिलहाल सप्ताह में दो दिन चलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ट्रेन उत्तराखंड के लिए बड़ी सौगात है। इससे कुमाऊं और गढ़वाल के बीच रेल संपर्क बेहतर होगा और लोगों की आवाजाही आसान होगी। उन्होंने इस नई रेल सेवा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया।
उन्होंने बताया कि यह ट्रेन रामनगर, काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचेगी। इससे उत्तराखंड के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को भी सीधी रेल सुविधा मिलेगी। यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों को इसका फायदा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे तेजी से आधुनिक हो रही है। रेलवे में सुरक्षा, तकनीक और यात्री सुविधाओं में लगातार सुधार हो रहा है। वंदे भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें इसका उदाहरण हैं।
उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का काम अंतिम चरण में है। इसके पूरा होने से राज्य में पर्यटन, धार्मिक यात्रा और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड को दो वंदे भारत ट्रेनें मिल चुकी हैं। साथ ही वर्ष 2026-27 में राज्य को रेलवे विकास के लिए 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट मिला है। प्रदेश में करीब 39 हजार करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम कर रही हैं। उनका कहना है कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड में विकास की रफ्तार बढ़ी है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड में रेल सुविधाओं को लगातार मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि इस ट्रेन में यात्रियों की संख्या बढ़ती है, तो इसे रोज चलाने पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन गढ़वाल और कुमाऊं के बीच बेहतर संपर्क का माध्यम बनेगी।
