मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद शिरोमणि ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह समागम वीरता और पवित्रता का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि जब भी देश अमर शहीद ऊधम सिंह के त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति को याद करता है, तो प्रत्येक भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड भारतीय इतिहास का अत्यंत दुखद और काला अध्याय था। ऊधम सिंह ने उस अन्याय का प्रतिकार करते हुए पूरी दुनिया के सामने भारत के स्वाभिमान, साहस और अदम्य संकल्प का परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और बलिदान की अमर प्रेरणा है। उनका त्याग हर भारतीय के मन में देशभक्ति की भावना जगाता है और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा, त्याग, मानवता और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पावन वाणी से प्राप्त होती है। गुरु साहिब की शिक्षाएं मानवता, करुणा, सत्य, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का मार्ग प्रशस्त करती हैं तथा पूरे राष्ट्र को प्रेरित करती हैं।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के विकास में सिख समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मुख्यमंत्री ने सभी से आह्वान किया कि अमर शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
