मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के साथ ही गढ़वाल आयुक्त और आईजी गढ़वाल को भी जन शिकायतों के निस्तारण में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जन समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब न हो और संबंधित लोगों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराई जाए।
इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा एवं चारधाम यात्रा के सफल संचालन तथा श्रद्धालुओं के लिए की गई बेहतर व्यवस्थाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की निरंतर निगरानी और प्रभावी प्रबंधन से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकीं।
वहीं विधायक भूपाल राम टम्टा ने भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से भेंट कर बुग्याल क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर स्थानीय हितों को प्राथमिकता देने के लिए राज्य सरकार का आभार जताया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उत्तराखंड के बुग्याल प्रदेश की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर हैं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की आजीविका और पर्यटन इनसे जुड़ा हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय रोजगार और पर्यटन विकास के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है।
जनप्रतिनिधियों ने पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सरकार के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय हितों, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन विकास के समन्वय से पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
