देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत 9,87,017 पेंशन लाभार्थियों को ₹146 करोड़ 32 लाख 50 हजार की पेंशन राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से जारी की। यह भुगतान जुलाई 2026 की पेंशन के लिए किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और पेंशन राशि का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
“किसी बुजुर्ग या दिव्यांग को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें”
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि समाज का कमजोर वर्ग सरकार के परिवार का हिस्सा है। राज्य सरकार का प्रयास है कि किसी बुजुर्ग, विधवा, दिव्यांग या अन्य पात्र लाभार्थी को पेंशन के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक पात्र नागरिक को उसका अधिकार समय पर और सम्मानपूर्वक मिले, यही सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ उत्तराखंड को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
किस योजना में कितनी राशि हुई जारी?
- वृद्धावस्था पेंशन: 6,15,628 लाभार्थी | ₹92.34 करोड़
- विधवा पेंशन: 2,36,983 लाभार्थी | ₹35.54 करोड़
- दिव्यांग पेंशन: 89,128 लाभार्थी | ₹13.36 करोड़
- किसान पेंशन: 27,288 लाभार्थी | ₹3.27 करोड़ (लगभग)
- परित्यक्ता पेंशन: 8,284 लाभार्थी | ₹99.41 लाख
- भरण-पोषण अनुदान: 7,383 लाभार्थी | ₹51.68 लाख
- तीलू रौतेली पेंशन: 2,196 लाभार्थी | ₹26.35 लाख
- बौना पेंशन: 127 लाभार्थी | ₹1.52 लाख
