गौलापार स्थित उत्तराखंड क्रीड़ा विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास पर उत्तराखंड क्रीड़ा विश्वविद्यालय, गौलापार (नैनीताल) के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का विकास राज्य की नई खेल नीति, खेल विजन और लिगेसी प्लान के अनुरूप किया जाए, ताकि यह संस्थान भविष्य में खिलाड़ियों के लिए विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और शिक्षा का केंद्र बन सके।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के खेल मैदान, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, स्पोर्ट्स साइंस एवं स्पोर्ट्स मेडिसिन सेंटर, हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर तथा खेल शिक्षा और अनुसंधान से जुड़ी विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने परियोजना की नियमित समीक्षा, निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन तथा सभी संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है और इसके लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना का विकास प्राथमिकता पर किया जा रहा है।
