देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क, देहरादून से आयोजित ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ में प्रतिभाग करते हुए प्रदेशवासियों से आगामी स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय इन्द्रमणि बडोनी और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे गांधी पार्क से घंटाघर तक हजारों लोगों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
“तिरंगा राष्ट्र गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक”
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर सैनिकों ने इसकी गरिमा बनाए रखने के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए हम सभी सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।
विकसित भारत और उत्तराखंड के विकास का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भी विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं, 1,750 से अधिक स्टार्टअप सक्रिय हैं तथा पिछले एक वर्ष में GSDP में 7.23 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
कानून व्यवस्था और युवाओं के लिए सरकार की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (UCC), सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लागू किए हैं। उन्होंने बताया कि 250 से अधिक अवैध मदरसों पर कार्रवाई की गई है तथा 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। उन्होंने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिली हैं। साथ ही मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे और पर्यटन नीति के माध्यम से युवाओं को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जा रहा है।
