देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ पोर्टल का शुभारंभ किया और विद्यालयी छात्रों के लिए “मेरे सपनों का उत्तराखण्ड: एक विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण” विषय पर निबंध प्रतियोगिता की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 140 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उनके NEET, JEE, CLAT, SAT जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग और अन्य आवश्यक शुल्क का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी
3 लाख से अधिक छात्रों ने किया वर्चुअल प्रतिभाग
कार्यक्रम में प्रदेशभर के 2,828 सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के 11वीं और 12वीं कक्षा के 3 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने खेलों को बढ़ावा देने, सप्ताह में अधिक खेल पीरियड, उच्च शिक्षा को मजबूत बनाने, पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर अपने सुझाव साझा किए।
छात्रों के सुझावों को सरकार की नीतियों में किया जाएगा शामिल
मुख्यमंत्री धामी ने विद्यार्थियों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए स्वयं नोट किया और अधिकारियों को इन पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपयोगी सुझावों को राज्य सरकार की नीतियों में भी शामिल किया जाएगा।
“पढ़ाई बोझ नहीं, भविष्य बनाने का माध्यम है”
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र-छात्राओं को केवल अंकों पर नहीं, बल्कि विषय की गहरी समझ पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अनुशासन, संस्कार और निरंतर प्रयास ही सफलता की असली कुंजी हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई को बोझ नहीं बल्कि अपने भविष्य को संवारने का अवसर समझना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और बिना विकल्प के संकल्प लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
AI का सोच-समझकर करें उपयोग
मुख्यमंत्री ने छात्रों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के संतुलित उपयोग की सलाह देते हुए कहा कि AI उपयोगी तकनीक है, लेकिन इसे अपनी सोच और विवेक का विकल्प नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी विषय पर पहले स्वयं विचार करें, शिक्षकों से मार्गदर्शन लें और आवश्यकता पड़ने पर ही AI का उपयोग करें।
खेलों में भी भविष्य बनाने का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड में खेलों के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ा है और राज्य सरकार मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है।
