
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने शासकीय आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड की फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्मों की शूटिंग की संभावनाओं और फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लैंडोर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियों के कारण देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना रहा है। प्रदेश का अनुकूल वातावरण फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहा है और बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से उत्तराखंड की पहचान को मजबूती मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। राज्य सरकार फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग की अनुमति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग को प्रोत्साहित करना और स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों तथा युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है।
फिल्म निर्माण की गतिविधियों से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और अन्य स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिलने की संभावनाएं हैं। मसूरी और लैंडोर जैसे लोकप्रिय पर्यटन क्षेत्रों में फिल्म शूटिंग उत्तराखंड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विशेषताओं को व्यापक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
