“मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बागेश्वर में सरयू नदी तट पर विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों का किया निरीक्षण
बागेश्वर: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बागेश्वर में सरयू नदी तट पर चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण हों। मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर योजनाओं का फीडबैक भी लिया

बैडमिंटन इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री बैडमिंटन इंडोर स्टेडियम भी पहुंचे, जहाँ उन्होंने खिलाड़ियों के साथ बैडमिंटन खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने प्रशिक्षण सुविधाओं, खेल उपकरणों एवं उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखण्ड की खेल अवसंरचना को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करना है, ताकि राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं वैश्विक मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
बागनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री धामी बागनाथ मंदिर पहुंचे, जहाँ उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया और अपने विचार साझा किए।
सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर शुभकामनाएं
सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने इस दिवस को देश के वीर सैनिकों की अदम्य वीरता, बलिदान और उत्कृष्ट सेवाओं को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर बताया। इस दौरान सैनिक कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री को Token Flag एवं Lapel Pin लगाया गया।
