मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून में होमगार्ड्स स्थापना दिवस पर रैतिक परेड का निरीक्षण करते हुए
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में आयोजित होमगार्ड्स स्थापना दिवस कार्यक्रम में रैतिक परेड का निरीक्षण किया। अवसर पर प्रदेशभर से आए जवानों ने शानदार करतबों और अनुशासित परेड के माध्यम से अपनी क्षमताओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में पुलिस बल के साथ-साथ होमगार्ड्स स्वयंसेवकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि यातायात प्रबंधन, कांवड़ मेला, चारधाम यात्रा और कुंभ जैसे बड़े आयोजनों में भीड़ नियंत्रण से लेकर आपातकालीन परिस्थितियों तक—हर चुनौतीपूर्ण स्थिति में होमगार्ड्स सदैव अग्रिम पंक्ति में रहे हैं।

होमगार्ड्स के लिए नई घोषणाएँ
मुख्यमंत्री ने स्थापना दिवस के अवसर पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ भी कीं:
- होमगार्ड्स जवानों के लिए वर्दी भत्ता प्रदान किया जाएगा।
- अंतरजनपदीय ड्यूटी में तैनात जवानों का भोजन भत्ता ₹100 से बढ़ाकर ₹150 किया जाएगा।
- नागरिक सुरक्षा संगठन के स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण भत्ता ₹50 से बढ़ाकर ₹140 प्रति दिन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह कदम जवानों के मनोबल को बढ़ाएंगे और सेवा गुणवत्ता को और अधिक मजबूत बनाएंगे।

स्मारिका विमोचन और सम्मान समारोह
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने रैतिक परेड का निरीक्षण किया, इसके साथ ही विभागीय स्मारिका एवं कैलेंडर का विमोचन किया। तो वहीं सेवारत एवं दिवंगत होमगार्ड्स स्वयंसेवकों के परिजनों को होमगार्ड्स कल्याण कोष से चेक प्रदान किए
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हमेशा होमगार्ड्स के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और उनके योगदान को सम्मानपूर्वक याद करती रहेगी।
