मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में आयोजित बैठक में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए दायित्वधारियों के साथ विकास, जनकल्याण और जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दायित्वधारी सरकार और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ लोगों की समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को सरकार तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है।
उन्होंने सभी दायित्वधारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जनता के साथ निरंतर संवाद और समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और विकास कार्यों को गति देने के लिए सभी को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का साझा संकल्प है कि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण को नई गति मिलेगी।
