देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस लाइन, देहरादून में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस कांस्टेबलों से भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने जवानों को अनुशासन, सेवा और समर्पण की भावना के साथ कर्तव्य पथ पर दृढ़ता से अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सुदृढ़ कानून व्यवस्था, प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन और आपदा जैसी चुनौतियों से निपटने में पुलिस बल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उत्तराखंड एक पर्वतीय राज्य होने के कारण यहां प्राकृतिक आपदाएं लगातार चुनौती बनी रहती हैं, ऐसे में प्रत्येक पुलिसकर्मी का आपदा प्रबंधन में दक्ष होना अनिवार्य है।
सीएम धामी ने प्रशिक्षु कांस्टेबलों से अपेक्षा जताई कि वे आधुनिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण को आत्मसात करते हुए जनसेवा के प्रति पूर्ण निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की सक्रिय और प्रभावी भूमिका से ही उत्तराखंड को सुरक्षित, सशक्त और अनुशासित राज्य बनाया जा सकता है।
