हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज की Gen-Z केवल वर्तमान की युवा शक्ति नहीं, बल्कि विकसित भारत के स्वर्णिम भविष्य की कर्णधार है। उन्होंने कहा कि युवाओं का उत्साह, ऊर्जा, नवाचार और कुछ नया करने का जज्बा समाज और राष्ट्र को नई दिशा देने की क्षमता रखता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के साथ संवाद करना और उनके सपनों, विचारों तथा अपेक्षाओं को समझना उनके लिए हमेशा एक विशेष अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के सुझावों को विकास की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा मानती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना है।
उन्होंने युवाओं से नवाचार, उद्यमिता और कौशल विकास के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि उत्तराखंड का युवा देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
