देहरादून: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री धामी ने सीएम के तौर पर अपने कार्यकाल के 4 साल पूरे कर लिए हैं। उत्तराखंड के 25 साल के इतिहास में पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ऐसे मुख्यमंत्री बने हैं, जो लगातार चार साल से सीएम बने हुए हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी का ये कार्यकाल दो सरकारों का है। चार जुलाई 2021 को पहली बार पुष्कर सिंह धामी ने सीएम पद की शपथ थी। वहीं दूसरी सरकार के कार्यालय में उनके तीन साल पूरे हो चुके हैं।
अपने चार साल के कार्यकाल में सीएम धामी ने कई ऐसे बड़े फैसले लिए, जिनकी चर्चा देश भर में हुई।

इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हर वर्ग और हर क्षेत्र तक विकास पहुँचाने के संकल्प के साथ हमारी सरकार ने अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं, जिनका सीधा लाभ आज प्रदेशवासियों को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मातृशक्ति का कल्याण हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से हमारी बहनें न केवल रोजगार के नए अवसर सृजित कर रही हैं बल्कि विकसित उत्तराखंड के निर्माण में भी सक्रिय और बहुमूल्य योगदान दे रही हैं।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए शिखर पर ले जाकर देश का अग्रणी राज्य बनाना हमारा संकल्प है और इसी दिशा में हम निरंतर तत्परता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।
