देहरादून। भाजपा प्रदेश कार्यालय, देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, विधायकों एवं जिलाध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त और सक्रिय बनाने तथा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। क्षेत्र में संगठन की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा जनता से बेहतर संपर्क स्थापित करने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में डबल इंजन सरकार उत्तराखंड में विकास और जनकल्याण की गति को और तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों और संगठन के बीच बेहतर समन्वय को आवश्यक बताया गया।
बैठक में हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों की स्थिति और आगामी प्राथमिकताओं पर भी चर्चा हुई। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका देने पर मंथन किया गया।
बैठक में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सहित अन्य विधायक मौजूद रहे।
