पौड़ी गढ़वाल: हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर विकासखंड स्थित मालाग्राम पहुंचकर सघन पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड का किया भ्रमण
मुख्यमंत्री ने मालाग्राम स्थित श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने यहां संरक्षित दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों, अनुसंधान गतिविधियों और आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी ली। उन्होंने परिसर में स्थित ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया।
जैव विविधता और आयुर्वेद के संरक्षण पर जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान पूरे विश्व के लिए अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण और वैज्ञानिक शोध समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में किए जा रहे प्रयास पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देने के साथ-साथ औषधीय पौधों के संवर्धन, आयुर्वेद आधारित अनुसंधान, हर्बल पर्यटन और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार एवं आजीविका के नए अवसर भी उपलब्ध कराएंगे।
देश का अनूठा हर्बल पार्क
मुख्यमंत्री ने बताया कि मालाग्राम स्थित श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय देश का अपनी तरह का एक अनूठा हर्बल पार्क है। यहां देश के विभिन्न राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों एवं औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह परिसर पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और आधुनिक वैज्ञानिक शोध के समन्वय का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है।
