गैरसैंण: विपक्ष के भारी हंगामे के बीच उत्तराखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन 5315 करोड़ का अनुपूरक बजट सदन में पास हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि सतत विकास, समावेशी विकास, नवाचार और आर्थिक सुदृढ़ता की दिशा में हमारा संकल्प है। उन्होंने कहा कि हमारा फोकस राज्य की मानव पूंजी में निवेश और हर वर्ग के समावेशी विकास पर है। किसानों, श्रमिकों, गरीबों, महिलाओं, युवाओं, सुरक्षा बलों और पत्रकारों सहित सभी वर्गों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए यह बजट तैयार किया गया है। इसके साथ ही सदन में कई और विधेयक भी पारित कराए गए।
गैरसैंण विधानसभा सत्र में पारित होने वाले विधेयक
सदन में विपक्ष के भारी हंगामे के बीच सभी नौ विधेयक सदन में पारित हो गए है। जिसके बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई है।
उत्तराखंड अल्पसंख्यक विधेयक भी सदन में पारित
उत्तराखंड अल्पसंख्यक विधेयक सदन में पारित हुआ। अब सभी अल्पसंख्यक समुदायों के लिए एक प्राधिकरण गठित होगी, जिससे मदरसों को भी मान्यता मिलेगी।
लिव-इन-रिलेशनशिप से जुड़ा विधेयक पारित
समान नागरिक संहिता संशोधन विधेयक भी सदन में पारित किया गया। अब गलत तरीके से लिव-इन-रिलेशनशिप में रहने वालों के लिए सजा बढ़ा दी गई है।
संशोधित सख्त धर्मांतरण कानून सदन में पास
सदन में संशोधित सख्त धर्मांतरण कानून पास हुआ। सरकार ने इस कानून को और सख्त बना दिया है, जिसके तहत जबरन धर्मांतरण पर उम्रकैद तक की सजा हो सकती है।
