पौड़ी: राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह (रि) ने पौड़ी जनपद के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायज़ा लिया। इसके साथ ही राज्यपाल ने मरीजों, तीमारदारों और स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद किया। इस दौरान समयबद्ध, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।
राज्यपाल का कहना है कि आधुनिक तकनीक और मानवीय संवेदनशीलता के समन्वय से ही स्वास्थ्य सेवाओं में वास्तविक सुधार संभव है।

इसके बाद राज्यपाल ने जिला पुस्तकालय का लोकार्पण कर विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। तो वहीं रांसी स्टेडियम में खिलाड़ियों से भेंट कर उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्टता ही एक सशक्त और विकसित समाज की आधारशिला है।
