हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर से जुड़ी ₹235 करोड़ से अधिक लागत की तीन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं हरिद्वार के समग्र विकास को नई गति देने के साथ-साथ आगामी कुंभ मेला-2027 और कांवड़ मेले के सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन और बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता देते हुए तीर्थस्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने का कार्य कर रही है।
विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रही सरकार
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में राज्य सरकार “विकास और विरासत” की अवधारणा को साकार कर रही है। इसी संकल्प के तहत उत्तराखंड में धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं विकास के लिए कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
कई धार्मिक कॉरिडोरों का हो रहा विकास
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में केदारखंड, मानसखंड, गोल्ज्यू कॉरिडोर, विवेकानंद कॉरिडोर, हरिपुर तथा देहरादून में यमुना तीर्थ सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का योजनाबद्ध विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से तीर्थयात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
