हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार को आस्था, सेवा और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने देशभर से पहुंचे शिवभक्त कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया। इस दौरान हरकी पैड़ी और कांवड़ यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों का किया सम्मान
अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पांच शिवभक्त कांवड़ियों का चरण प्रक्षालन कर उनका सम्मान किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर अपने हाथों से भोजन परोसा।
स्वास्थ्य सेवा शिविर का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए स्थापित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का उद्घाटन भी किया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं को त्वरित उपचार, आवश्यक दवाइयों तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कांवड़ यात्रा आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार का संकल्प है कि देवभूमि आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक वातावरण मिले। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का विराट पर्व है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से उन्हें कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के प्रति आस्था ही लाखों श्रद्धालुओं को कठिन परिस्थितियों में भी सैकड़ों किलोमीटर की यात्रा पूरी करने की प्रेरणा देती है।
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस सेवाएं, स्वास्थ्य शिविर और आपातकालीन सहायता की व्यापक व्यवस्था की गई है। उन्होंने सभी शिवभक्तों से या
