Uttarakhand Weather: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर प्रदेश के जनपदों में हो रही भारी वर्षा की स्थिति और उत्तरकाशी में बादल फटने के बाद से जारी राहत और बचाव कार्यों की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री धामी ने श्रद्धालुओं के किए भोजन और दवाई समेत दूसरी जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बंद सड़कों को शीघ्रता से खोलने और जिला प्रशासन को सतर्क रहकर आमजन को समय पर जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक विक्रम सिंह ने कहा उत्तराखण्ड के 9 जिलो में रेड अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड के 9 जिलों में 29 और 30 जून को उत्तराखंड मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है, जिसमें उत्तरकाशी जिला, रुद्रप्रयाग जिला, देहरादून जिला, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंहनगर और हरिद्वार में बहुत भारी बारिश हो सकती है। जबकि उत्तराखंड के बाकी जिलों में ऑरेंज अलर्ट रखा गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर भारी बारिश की स्थिति की जानकारी ली। विशेष रूप से उत्तरकाशी जनपद में बादल फटने की घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्यों की गहन समीक्षा की।
इस दौरान अगले 24 घंटे सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी संसाधनों को पूर्णतः तैयार रखने के निर्देश दिए गए। हेली एम्बुलेंस, SDRF तथा अन्य राहत एवं बचाव दलों को भी पूरी तरह मुस्तैद और तैनात रहने के लिए निर्देशित किया ताकि आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। साथ ही अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को भोजन, दवाइयां एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने समेत बंद सड़कों को शीघ्रता से खोलने के निर्देश दिए।
