Uttarakhand mountaineer Kavita Chand at Mount Vinson Antarctica
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंटार्कटिका की सबसे ऊँची चोटी माउंट विंसन पर सफलतापूर्वक चढ़ाई पूरी करने पर उत्तराखंड की बेटी कविता चंद को हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कविता चंद की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया संदेश में कहा कि कविता चंद की यह सफलता साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने इसे प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
माउंट विंसन अंटार्कटिका महाद्वीप की सबसे ऊँची पर्वत चोटी है और यहां सफल चढ़ाई करना विश्व के सबसे कठिन पर्वतारोहण अभियानों में से एक माना जाता है। अत्यंत विषम मौसम परिस्थितियों और कठिन भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद कविता चंद ने यह उपलब्धि हासिल की।
मुख्यमंत्री ने कविता चंद के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता आने वाली पीढ़ियों को भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी।
