रुद्रप्रयाग: बाबा केदार के दर पर तीर्थ यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। 22 अप्रैल को मंदिर के कपाट खुलने के बाद से लेकर 3 मई सायं 5 बजे तक 3 लाख से ज्यादा श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। वहीं 3 मई को एक ही दिन में 23,784 श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे।
रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन का दावा है कि यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन की टीमें चौबीसों घंटे तैनात हैं। यात्रा मार्ग के प्रत्येक प्रमुख पड़ाव पर पेयजल, चिकित्सा, ठहराव, स्वच्छता एवं यातायात प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन का कहना है कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों एवं बदलते मौसम को देखते हुए संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के लिए SDRF, DDRF, NDRF सहित सभी संबंधित एजेंसियां हाई अलर्ट पर कार्य कर रही हैं।

इसके साथ ही कंट्रोल रूम के माध्यम से यात्रा की सतत निगरानी की जा रही है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो सके। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें एवं प्रशासन का सहयोग करें, ताकि यह पावन यात्रा सभी के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।
रुद्रप्रयाग के डीएम विशाल मिश्रा खुद ग्राउंड जीरो पर उतरकर व्यवस्थाओं का निगरानी कर रहे हैं।
