नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली-एनसीआर के लोगों को खास सौगात दी। पीएम मोदी ने देश की राजधानी में दो प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं, द्वारका एक्सप्रेसवे के दिल्ली खंड और शहरी विस्तार सड़क-II (UER-II) का उद्घाटन किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अगस्त महीना आजादी और क्रांति के रंगों में रंगा है। आजादी के इस उत्सव के बीच, आज देश की राजधानी दिल्ली, विकास की क्रांति की साक्षी बन रही है। थोड़ी देर पहले ही दिल्ली को द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड की कनेक्टिविटी मिली है। इससे दिल्ली, गुरुग्राम, पूरे एनसीआर के लोगों की सुविधा बढ़ेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त को लाल किले से मैंने देश की अर्थव्यवस्था, देश की आत्मनिर्भरता और देश के आत्मविश्वास की बात पूरे विश्वास के साथ कही थी। जब दुनिया भारत को देखती है और उसका मूल्यांकन करती है, तो उसकी पहली नजर हमारी राजधानी दिल्ली पर पड़ती है। इसलिए हमें दिल्ली को विकास का एक ऐसा मॉडल बनाना है जहां सभी को लगे कि यह एक विकासशील भारत की राजधानी है।

इस परियोजना के पूरा के होने के बाद दिल्ली-एनसीआर को जाम से मुक्ति मिलेगी। प्रोजेक्ट का उद्देश्य कनेक्टिविटी में व्यापक सुधार, यात्रा समय में कमी और दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में यातायात को कम करना है।
मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि बीते 11 वर्षों में दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। आज यहां विश्वस्तरीय एक्सप्रेसवे, विशाल नेटवर्क, नमो भारत जैसी रैपिड रेल सेवाएं और अब नई सड़कें मौजूद हैं। मोदी ने कहा कि द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड दिल्ली को जाम से बड़ी राहत देंगे।

40 मिनट में पूरा होगा ढाई घंटे का सफर
UER-II के शुरू होने के बाद सफर बेहद आसान हो जाएगा। वहीं अब यह सफर सिर्फ 40 मिनट में पूरा होगा। इसके साथ ही रोजाना दिल्ली में एंट्री करने वाले करीब तीन लाख वाहनों को शहर के अंदर आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली सेक्शन
द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली सेक्शन भी बेहद अहम है। 10.1 किलोमीटर लंबे इस हिस्से को 5,360 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। यह सेक्शन शिव मूर्ति चौक से द्वारका सेक्टर-21 तक 5.9 किलोमीटर और सेक्टर-21 से दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर तक 4.2 किलोमीटर तक फैला है। यह यशोभूमि, डीएमआरसी की ब्लू और ऑरेंज लाइन, आने वाले बिजवासन रेलवे स्टेशन और द्वारका क्लस्टर बस डिपो को जोड़ते हुए मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी देगा।
