उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक कर चुनाव तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में CEO ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को आयोग की गाइडलाइन और इलेक्शन प्लानर के अनुसार चरणबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र के भवन की स्थिति के साथ बिजली, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
CEO ने आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO), रिटर्निंग अधिकारियों (RO) और स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण में प्रतिभाग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान सभी जनपदों को स्वीप प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। स्वीप के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने और निर्वाचन प्रक्रिया में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आगामी माह में निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उत्तराखंड का दौरा किया जा सकता है। इस दौरान सभी जिलाधिकारियों के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
बैठक में CEO ने सभी जनपदों में चल रहे SIR अभियान की प्रगति की भी जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
