देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की उपस्थिति में परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित छठे लोक संवर्धन पर्व का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।
15 जुलाई तक चलेगा महोत्सव
11 से 15 जुलाई तक चलने वाले इस महोत्सव में देशभर के शिल्पकार, हस्तशिल्पी, लोक कलाकार, उद्यमी और पाक कला विशेषज्ञ अपनी पारंपरिक कला, शिल्प और स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं। आयोजन में 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें उत्तराखंड की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को विशेष स्थान दिया गया है।
उत्तराखंड बना पहला साझेदार राज्य
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गर्व की बात है कि केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के साथ मिलकर लोक संवर्धन पर्व के आयोजन में साझेदारी करने वाला यह देश का पहला राज्य बना है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य की विकासोन्मुखी सोच और राष्ट्रीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
शिल्पकारों और युवाओं को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की विविध भाषाएं, लोक परंपराएं, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। ऐसे आयोजन न केवल सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाते हैं, बल्कि शिल्पकारों, कारीगरों और लोक कलाकारों को नए बाजार, रोजगार और पहचान भी दिलाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह महोत्सव उत्तराखंड सहित पूरे देश के शिल्पकारों और युवा उद्यमियों के आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी मंच बनेगा।
अल्पसंख्यक समाज के विकास पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकारें सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अल्पसंख्यक समाज के शैक्षिक, आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए छात्रवृत्ति, मेधावी बालिका प्रोत्साहन, कौशल विकास, स्वरोजगार, शिक्षा ऋण, मुख्यमंत्री हुनर योजना और अल्पसंख्यक क्षेत्रों के विकास जैसी कई योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज और एक जनपद दो उत्पाद जैसी पहल के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक शिल्प को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई जा रही है।
किरेन रिजिजू ने क्या कहा
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि लोक संवर्धन पर्व केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विविधता, पारंपरिक कौशल और कारीगरों के सम्मान का राष्ट्रीय उत्सव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार पारंपरिक शिल्प, हस्तकला, लोक संस्कृति और अल्पसंख्यक समुदाय के कारीगरों को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पीएम विकास योजना के तहत आयोजित यह महोत्सव शिल्पकारों को विपणन, ब्रांडिंग और रोजगार के नए अवसर उपल
