कैंचीधाम बाईपास जल्द होगा तैयार, जाम से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नैनीताल जनपद की बहुप्रतीक्षित कैंचीधाम बाईपास (सैनिटोरियम–रातीघाट) परियोजना तेजी से अपने निर्णायक चरण की ओर बढ़ रही है। शनिवार को मुख्यमंत्री ने नैनीताल भ्रमण के दौरान परियोजना स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी यात्रा और पर्यटन सीजन से पूर्व बाईपास मार्ग को पूर्ण कर यातायात के लिए खोलना सुनिश्चित किया जाए।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मिलेगी जाम से राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध श्री कैंचीधाम मंदिर में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। सुचारु, सुरक्षित और सुविधाजनक यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कैंचीधाम बाईपास के निर्माण से वर्षों से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या का स्थायी समाधान संभव होगा और यात्रियों को वैकल्पिक एवं सुगम मार्ग मिलेगा।
कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य तेज़ी से प्रगति पर
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने जानकारी दी कि 18.15 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित बाईपास मार्ग में से 8 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कर हॉटमिक्स किया जा चुका है, जिसमें 12 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई है। शेष 10.15 किलोमीटर मार्ग में पहाड़ कटिंग कार्य हेतु स्वीकृत 5 करोड़ 6 लाख रुपये की धनराशि से कार्य पूर्ण किया जा चुका है। वर्तमान में इस खंड में 9 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से कलमठ निर्माण, सुरक्षा दीवारों का निर्माण और अन्य आवश्यक कार्य तेजी से जारी हैं।
रातीघाट में बनेगा मोटर पुल, यातायात होगा और सुगम
परियोजना के अंतर्गत बाईपास को रातीघाट स्थित अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 74.15 मीटर स्पान का मोटर पुल भी निर्मित किया जा रहा है। इसके लिए शासन से 9 करोड़ 63 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
भवाली बाईपास और मोटर पुल का भी किया निरीक्षण
इसके बाद मुख्यमंत्री ने 9 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से निर्मित सैनिटोरियम से अल्मोड़ा मार्ग तक भवाली बाईपास सड़क और इसी मार्ग पर शिप्रा नदी पर बने 30 मीटर स्पान के डबल लेन मोटर पुल का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बाईपास के चालू होने से भवाली बाजार में वर्षों पुरानी जाम की समस्या का समाधान होगा और पर्यटन सीजन में यात्रियों को निर्बाध आवागमन सुविधा मिलेगी।
श्रमिकों और पर्यटकों से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की और उनके कल्याण एवं सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने बर्फबारी देखने पहुंचे देश के विभिन्न राज्यों से आए पर्यटकों से भी बातचीत की। पर्यटकों ने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, बेहतर व्यवस्थाओं और सुरक्षित वातावरण की प्रशंसा करते हुए संतोष व्यक्त किया।
