मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर देहरादून-पिथौरागढ़-देहरादून विमान सेवा का शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक मौके पर उन्होंने कहा कि रामनवमी के शुभ अवसर पर शुरू हुई यह 42 सीटर विमान सेवा प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है।
एक घंटे में पूरा होगा सफर
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस नई सेवा के शुरू होने से अब पिथौरागढ़ से देहरादून का सफर मात्र एक घंटे में पूरा किया जा सकेगा। इससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि समय की भी बड़ी बचत होगी।
सामरिक और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सेवा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह हवाई सेवा सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि पिथौरागढ़ सीमांत क्षेत्र में स्थित है। इसके साथ ही यह सेवा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगी। साथ ही इस सेवा से व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास होगा।
UDAN योजना से बदली हवाई यात्रा की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब हवाई यात्रा केवल सम्पन्न वर्ग तक सीमित थी, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आम नागरिक भी हवाई यात्रा कर पा रहा है।
UDAN योजना ने लाई नई क्रांति
वर्ष 2016 में शुरू की गई UDAN योजना ने छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़कर सस्ती हवाई सेवाएं उपलब्ध कराई हैं।
UDAN 2.0 को मिली मंजूरी
हाल ही में केंद्र सरकार ने UDAN योजना 2.0 को मंजूरी दी है, जिसके तहत:
- 10 वर्षों में 29 हजार करोड़ रुपये का निवेश
- 100 नए हवाई अड्डों का निर्माण
- 200 नए हेलीपैड विकसित किए जाएंगे
- उत्तराखण्ड में हवाई सेवाओं का तेजी से विस्तार
- मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए हवाई सेवाएं जीवन रेखा बन चुकी
राज्य में बढ़ रही हवाई कनेक्टिविटी
- UDAN योजना के तहत 26 हवाई मार्ग संचालित
- 2023 में शुरू हुई “उत्तराखण्ड एयर कनेक्टिविटी योजना”
- 6 हवाई मार्गों पर नियमित उड़ान
नैनी सैनी एयरपोर्ट के लिए हुआ समझौता
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री की उपस्थिति में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और उत्तराखण्ड सरकार के बीच नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण के लिए एमओयू साइन किया गया है।
